लखनऊ। यूपी में निकाय चुनाव की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों द्वारा अपने-अपने प्रत्याशियों के पक्ष में जबरदस्त प्रचार किया जा रहा है। इसी क्रम में आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आजमगढ़ में श्रीकृष्ण पाठशाला इंटर कालेज में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। सीएम का उड़न खटोला निर्धारित समय से लगभग एक घंटे देर से हेलेपैड पर उतरा। मंच से संबोधन शुरू करते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश व प्रदेश में डबल इंजन की सरकार चल रही है। जिसके चलते देश व प्रदेश का विकास दो गुनी रफ्तार में हो रहा है। वहीं अब इस डबल इंजन की सरकार में तीसरा इंजन भी जुड़ जाए तो विकास की रफ्तार तीन गुनी से पांच गुनी तक हो जाएगी। उन्होंने जनपद की धरती को नमन करते हुए कहा कि हमारा आजमगढ़ दुनिया के अंदर कभी अपने ओज व तेज के लिए जाना जाता था। देश की आजादी में भी इस जिले का अहम योगदान रहा है।