देहरादून। प्रदेश में मौसम का मिजाज फिर से बदला-बदला हुआ है। इस बीच मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में हिमस्खलन और बर्फबारी की चेतावनी जारी है। मौसम विभाग की चेतावनी के चलते डीजीपी अशोक कुमार ने पुलिस को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। एसडीआरएफ और इमरजेंसी सेवाओं को सतर्क रखते हुए पुलिस को अन्य विभागों से समन्वय स्थापित करने को कहा गया है। इस संबंध में डीजीपी ने आईजी गढ़वाल और जिला पुलिस कप्तानों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग भी की। डीजीपी अशोक कुमार ने बताया कि केदारनाथ धाम में अगले छह से सात दिन तक बर्फबारी की संभावना जताई गई है। इसके लिए रुद्रप्रयाग पुलिस को जिला प्रशासन व संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं। बर्फबारी के संबंध में सोशल मीडिया, न्यूज चैनलों, समाचार पत्रों से प्रचार-प्रसार कराने को कहा गया है। कहा गया है कि उन्हें सलाह दी जाए कि मौसम साफ होने पर ही यात्रा शुरू करें।