अल्मोड़ा ::- मल्ला महल में बनने वाले म्यूजियम के कार्यों को लेकर जिलाधिकारी वंदना की अध्यक्षता में नवीन कलेक्ट्रेट में बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि बनने वाले म्यूजियम में एक सूचना केंद्र बनाने की भी योजना बनाई जाए जिसमे जनपद की समस्त जानकारियां उपलब्ध हो सकें। साथ ही कहा कि म्यूजियम को शिक्षा एवं संस्कृति के साथ जोड़ते हुए जनपद की विभिन्न जानकारियां साथ ही ऐतिहासिक जानकारियां भी म्यूजियम में सम्मिलित की जाएं। बैठक के दौरान म्यूजियम में बनने वाली विभिन्न गैलरी जिसमे चंद राजाओं का इतिहास, गोरखाओं का इतिहास, कत्यूर वंश तथा अंग्रेजों का इतिहास आदि की व्यवस्थाओं के बारे में बात की गई। उन्होंने पर्यटन एवं संस्कृति विभाग को अपने अपने स्तर के सभी कार्य ससमय करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने जीआईसी में स्थित पुस्तकालय के कायाकल्प करने के बारे में भी चर्चा की तथा बैठक में आए विषय विशेषज्ञों से पुस्तकालय का स्थलीय निरीक्षण कर उसके सुदृढ़ीकरण के बारे में भी सुझाव एवं प्रस्ताव देने को कहा है। उन्होंने कहा कि पुस्तकालय का विकास भी विभिन्न चरणों में किया जाना है। प्रथम चरण में पुस्तकालय की बिल्डिंग निर्माण का कार्य होना है तथा अगले चरणों में पुस्तकालय में अन्य व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किया जाएगा।