उत्तराखंड में एक बार फिर से मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 48 घंटे राज्य में कहीं-कहीं बारिश व बर्फबारी के आसार है। मौसम विभाग ने राज्य के पर्वतीय जनपदों पिथौरागढ़ , उत्तरकाशी , रुद्रप्रयाग , चमोली के अलावा मैदान के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश की संभावना जताई है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, एक पश्चिमी विक्षोभ जम्मू कश्मीर और उससे सटे इलाके पर बना हुआ है। इसके चलते आज गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, लद्दाख, जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश और हिमपात की संभावना है। वहीं, उत्तराखंड पूर्वी असम और अरुणाचल प्रदेश में बारिश हो सकती है।
बदलेगा दिल्ली का मौसम-
मौसम विभाग की मानें तो, 9 और 10 मार्च को दिल्ली में बादल छाए रहने और अधिकतम तापमान 30 तथा न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस बने रहने का अनुमान है।
उत्तराखंड का मौसम-
मौसम विभाग (IMD) ने कहा है कि 9 और 10 मार्च को उत्तराखंड में हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा हो सकती है। उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं। बर्फबारी के साथ कुछ जगहों पर वज्रपात भी हो सकता है।
रविवार और सोमवार को कई इलाकों में मौसम का मिजाज बदलने के आसार हैं। उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। जबकि, 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार बन रहे हैं। इस बीच पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान में गिरावट की आशंका है।