पिथौरागढ़ ::- मामूली कहासुनी में राजमिस्त्री की चाकू गोदकर हत्या करने वाले दो अभियुक्तों को थाना गंगोलीहाट पुलिस ने किया गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त चाकू भी किया बरामद।
8 जनवरी को पूरन सिंह, निवासी- ग्राम बुंगली, गंगोलीहाट द्वारा थाना गंगोलीहाट में तहरीर दी गई कि शाम करीब 08:30 बजे उनका छोटा भाई गंगा सिंह मिस्त्री का कार्य कर किशन सिंह की दुकान पर पहुँचा, जहाँ पर उनके ही गाँव के रणजीत सिंह उर्फ रंचन सिंह पुत्र भगवान सिंह एवं पूरन सिंह पुत्र कल्याण सिंह द्वारा उनके भाई को चाकू से प्रहार कर जान से मार दिया गया। तहरीर के आधार पर थाना गंगोलीहाट में उपरोक्त दोनों अभियुक्तों के विरूद्ध अभियोग पंजीकृत किया गया।
पुलिस अधीक्षक लोकेश्वर सिंह के आदेशानुसार थानाध्यक्ष गंगोलीहाट मंगल सिंह के नेतृत्व में अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई, जिस पर पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए सोमवार को ग्राम बुंगली से उपरोक्त दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।
अभियुक्तगणों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया गया। जानकारी करने पर ज्ञात हुआ कि रणजीत सिंह व पूरन सिंह उपरोक्त की मृतक गंगा सिंह के साथ मामूली कहासुनी हुई थी जिस पर दोनों अभियुक्तगणों ने साथ मिलकर चाकू से प्रहार कर गंगा सिंह की हत्या कर दी गई। दोनों अभियुक्तों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।