उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम ने करवट बदल ली है। मौसम विभाग ने राज्य में बारिश बर्फबारी ओलावृष्टि और मैदानी क्षेत्रों में अंधड समेत बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। पूरे देश में ठंड अब धीरे-धीरे खत्म होने की कगार पर है। उत्तर भारत में एक बार फिर मौसम बदलने के आसार हैं।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार देश के 15 राज्यों में 22,23 फरवरी के बीच बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक 22 से 24 फरवरी के बीच पश्चिमी हिमालय में बारिश और बर्फबारी बढ़ सकती है। 22, 23 फरवरी को पहाड़ियों पर छिटपुट भारी बर्फबारी हो सकती है। इसके अलावा पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ हिस्सों में छिटपुट बारिश की संभावना है।
उत्तराखंड में मंगलवार को ऊंचाई वाले इलाकों पर हिमपात हुआ है। जिसके बाद कई हिस्सों में बारिश भी दर्ज की गई। वहीं अब मौसम विभाग की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक राज्य के कई हिस्सों में अगले तीन चार दिन बारिश हो सकती है। जिसके कारण न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज होगी। राज्य के कई जिलों में अधिकतम तापमान 14 डिग्री तक रह सकता है, वहीं न्यूनतम तापमान 2 डिग्री तक के रहने के अनुमान हैं।