पिथौरागढ़ ::- शासन के निर्देशों के क्रम में आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत आगामी 13 अगस्त से 15 अगस्त तक जनपद में हर घर तिरंगा अभियान आयोजित होगा। जिसकी तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी डॉ.आशीष चौहान द्वारा संबंधित अधिकारियों के साथ जिला सभागार में एक आवश्यक बैठक ली गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए! जिलाधिकारी ने जिला विकास अधिकारी को निर्देश दिये कि हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने के लिए नोडल अधिकारी नामित किए जाएं। नोडल अधिकारी जनपद वासियों को उनके अपने घरों में राष्ट्रीय ध्वज लगाने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि ब्लाक प्रमुख, ग्राम प्रधानों आदि को भी इस अभियान के बारे में अवगत कराया जाए तथा इस अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जाए। नगर निकायों में संबंधित ईओ नगर वासियों को हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत राष्ट्रीय ध्वज लगाने के लिए प्रेरित करें।
जिलाधिकारी ने सभी विभागाध्यक्षों से कहा कि अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को राष्ट्रीय ध्वज क्रय करने हेतु प्रेरित करें ताकि वह हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत अपने घरों में राष्ट्रीय ध्वज को लगाएं।
वहीं जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को स्कूलों में भी हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों को घरों में राष्ट्रीय ध्वज लगाने के लिए प्रेरित करने को कहा! लीड बैंक अधिकारी को भी बैंकर्स को प्रेरित करने के लिए कहा गया है।
इस दौरान जिलाधिकारी ने जनपद वासियों को प्रेरित करते हुए कहा है कि आजादी की 75वीं वर्षगांठ को जनपद के सभी परिवार आजादी की दीपावली के रूप में मनाए तथा अपने घरों में राष्ट्रीय ध्वज को लगाएं।